रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार पर बिजली संकट को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग, व्यापार और कारखाने पूरी तरह से बिजली पर निर्भर हैं, लेकिन झारखंड में सरकार की विफल नीतियों और राजनीतिक स्वार्थों के कारण उपभोक्ताओं को आवश्यक बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि झामुमो-कांग्रेस सरकार राज्य में स्थापित बिजली उत्पादन संयंत्रों को बंद कराने की कोशिश कर रही है। इससे राज्य की बिजली व्यवस्था और भी चरमरा जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निवेश के नाम पर विदेश यात्राएं कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की बिजली व्यवस्था इतनी चरमरा गई है कि विदेशी निवेशकों का आना तो दूर की बात है, यहां काम कर रहे स्थानीय उद्यमी भी जल्द पलायन करने को विवश हो सकते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार की विफलता के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति भी खराब हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए और राज्य के हित में काम करे। मरांडी ने कहा कि झारखंड को बिजली संकट से निकालने के लिए सरकार को ठोस नीति बनानी होगी और बिजली उत्पादन संयंत्रों को बंद होने से बचाना होगा।





























