सीबीआई ने मिलिटरी इंजीनियर सर्विस (एमईएस) के सिविल असिस्टेंट इंजीनियर कौशलेश कुमार को 50 हज़ार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ़्तार किया है। इंजीनियर के घर पर छापेमारी के दौरान सीबीआई ने 8 लाख रुपये नकद और बैंक खाते में जमा 63 लाख रुपये जब्त किए हैं।
*दिल्ली की कंपनी ने दर्ज कराई थी शिकायत*
गिरफ़्तार इंजीनियर एयरफ़ोर्स स्टेशन दरभंगा में पदस्थापित है। दिल्ली की एक कंपनी ने सीबीआई से इस इंजीनियर के खिलाफ घूस मांगने की शिकायत दर्ज करायी थी। कंपनी ने आरोप लगाया था कि इंजीनियर काम के बदले में घूस मांग रहा है।
*कंपनी को नहीं मिल रहा था भुगतान*
दर्ज शिकायत में यह कहा गया था कि दिल्ली की कंपनी को दरभंगा में सड़क निर्माण का काम दिया गया था। काम के बदले उसे 29.93 लाख रुपये का भुगतान मिला था। लेकिन इंजीनियर चार लाख रुपये के भुगतान से संबंधित दस्तावेज प्रोसेस करने और कंपनी को पहले किये जा चुके भुगतान को मिला कर दो लाख रुपये घूस मांग रहा था।
*बातचीत के बाद घूस की रकम की पहली किस्त लेते गिरफ्तार*
बातचीत के बाद वह घूस की रकम की पहली किस्त के रुप में 50 हजार रुपये ले रहा था, तभी सीबीआई ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इंजीनियर के और कितने साथी हैं और कितनी बड़ी रकम की घूसखोरी का यह मामला है।





























