रामगढ़: रामगढ़ जिले के चुटूपालू घाटी मोड़ पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक ट्रेलर ने अपने आगे जा रही यात्री बस में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। टक्कर के बाद ट्रेलर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे पलट गया, जबकि बस भी पलटकर सड़क के किनारे जा गिरी। बस में करीब 30 से 40 यात्री सवार थे। हादसे में एक कार और एक टेंपो भी चपेट में आ गए। टक्कर लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। दर्जनों यात्री घायल हुए हैं, जिनमें छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में ममता देवी, शंकर सिंह, दीपेश कुमार, साक्षी, नादिया फिरदौस और मालती देवी शामिल हैं। हादसे के कारण एनएच-33 पर लगभग आधे घंटे तक जाम लगा रहा।






























