रांची: जन्माष्टमी के दूसरे दिन शनिवार को नमो दही-हांडी प्रतियोगिता को लेकर अल्बर्ट चौक के पास बैरिकेडिंग की गई है। इस कारण आज शाम जाम की स्थिति बन गई है। शहीद चौक के पास भी बैरिकेडिंग कर दी गई है।
इसकी वजह से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे हुए है। देखते ही देखते जाम का असर शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर पड़ा।
अल्बर्ट एक्का चौक के मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। कचहरी रोड, अपर बाजार समेत आसपास की सड़कों पर भी जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर वाहन रेंगते नजर आए। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग किए जाने के बावजूद यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। इससे वाहनों का दबाव दूसरी सड़कों पर बढ़ गया और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हुई, जिन्हें शहर के बाजार और कचहरी क्षेत्र की ओर जाना था।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर बैरिकेडिंग करने से पहले वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।


































