राष्ट्रपति के आगमन पर नगर निगम हुई एक्टिव

0
176

रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची दौरे को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में रांची नगर निगम ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर राजभवन तक सफाई अभियान चलाया। इस अभियान के तहत झाड़ू, कूड़े का उठाव, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, सड़कों के किनारे पेड़ों की कटाई-छंटाई और रास्ते में लगे बैनर-पोस्टर व बिल्डिंग मटेरियल हटाए गए। शहर के मुख्य चौक-चौराहे पर स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों की भी सफाई की गई।

 

उप प्रशासक ने साफ-सफाई की व्यवस्था का लिया जायजा

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर उप प्रशासक ने आज उनके प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जोनल और वार्ड सुपरवाइजरों को आवश्यक निर्देश दिए और साफ-सफाई को लेकर और अधिक सतर्कता बरतने को कहा।

उन्होंने कहा कि शहर में हर कोना स्वच्छ और व्यवस्थित दिखना चाहिए, ताकि राष्ट्रपति का स्वागत एक साफ-सुथरे और सुंदर शहर में हो सके। निरीक्षण के दौरान मुख्य सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और महत्त्वपूर्ण मोड़ों की विशेष सफाई कराने का भी निर्देश दिया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन यानी आज सुबह वह देवघर पहुंचीं, जहां वे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), देवघर के दीक्षांत समारोह में शामिल हो रही हैं। शाम 4:30 बजे राष्ट्रपति देवघर एयरपोर्ट से रवाना होंगी और 5:25 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद शाम 5:55 बजे वे राजभवन, रांची पहुंचेंगी, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची और देवघर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर की साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here