रांची सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सांसद संजय सेठ आज चुनाव प्रचार को लेकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ईचागढ़ प्रखंड स्तर विभिन्न गांवों का दौरा करने पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने चांडिल डैम के विस्थापित गांवों का भी दौरा किया और मतदाताओं से समर्थन माँगा, सांसद के दौरे को लेकर भाजपा के स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उत्साहित है।
सांसद संजय सेठ निर्धारित समय पर ठीक 11 बजे क्षेत्र में पहुंचे और सबसे पहले ईचागढ़ प्रखंड के देवलटांड पंचायत के नवाडीह गांव से अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नवाडीह से प्रचार अभियान प्रारंभ करने के बाद वे रुगड़ी, आगसिया, कुंदरीलौंग, घाटिया, काशीडीह, लेपाटांड, ईचागढ़, पुरानडीह, बाकलतोड़िया, तामारी, पातकुम और बांदु में जनसंवाद कार्यक्रम करेंगे. जन संवाद कार्यक्रम का समापन शाम छह बजे ईचागढ़ प्रखंड के बांदु पंचायत में होगा।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई :
चुनाव प्रचार के दौरान सांसद संजय सेठ केंद्र में मोदी सरकार के द्वारा किए गए विकास कार्यों के अलावा आम लोगों के लिए किए जा रहे लाभकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपानीत केंद्र सरकार देश में विकास की गाथा लिख रही है, चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दे रहे हैं. विकास कार्य आगे भी जारी रहे इसके लिए उन्होंने लोगों से दोबारा समर्थन मांगा । इसके साथ ही गांव वालों ने भी उनके समक्ष अपनी परेशानियों का रखा और निवारण की मांग की।





























