राँची : शहर की अंतरराष्ट्रीय स्तर की पॉवरलिफ्टर श्रीमती सुजाता भकत ने एक बार फिर देश और राज्य का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2025 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 84 किलोग्राम प्लस वर्ग की बेंच प्रेस स्पर्धा में कांस्य पदक, और पॉवरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता विश्वभर की पुलिस, अर्धसैनिक और अग्निशमन बलों के खिलाड़ियों के लिए आयोजित होती है, जिसमें सुजाता भकत ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और दमदार प्रदर्शन कर झारखंड को गौरवान्वित किया।

तीन दिनों में दो अंतरराष्ट्रीय पदक
- बेंच प्रेस (84kg+) में 3 दिन पहले कांस्य पदक
- पॉवरलिफ्टिंग (84kg+) में आज रजत पदक
सुजाता का यह प्रदर्शन उनकी वर्षों की मेहनत, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर दो पदक जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है।
सामाजिक और खेल क्षेत्र में भी सक्रिय
श्रीमती सुजाता भकत वर्तमान में “सहकार भारती” की झारखंड प्रान्त महिला प्रमुख हैं। इसके साथ ही वह कई समाजसेवी एवं खेल संस्थाओं से भी जुड़ी हुई हैं और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करती रही हैं। उनका सफर न सिर्फ खेलों में बल्कि समाज सेवा में भी अनुकरणीय है। खेल के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
शहर में खुशी की लहर
उनकी जीत की खबर मिलते ही राँची शहर में हर्ष का माहौल है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संस्थाओं और सहकार भारती परिवार ने उन्हें बधाई दी है और राज्य सरकार से उन्हें सम्मानित करने की मांग की है।
सुजाता भकत की प्रतिक्रिया
सुजाता भकत ने अपनी जीत को देश और राज्य की महिलाओं को समर्पित करते हुए कहा,मैं यह पदक उन सभी महिलाओं को समर्पित करती हूँ जो हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखती हैं। यह शुरुआत है, मेरा अगला लक्ष्य वर्ल्ड गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक लाना है।

























