राँची: छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए राँची नगर निगम ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों और तालाबों के आसपास अतिक्रमण हटाने और सफाई अभियान चलाया। निगम की टीमों ने तालाबों के पास बने अवैध ठेले, गुमटियों और दुकानों को हटाया तथा जगह-जगह सफाई कार्य कराया।
नगर निगम का यह अभियान मुख्य रूप से अरगोड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी तालाब, करमटोली तालाब, बनस तालाब और बड़ा तालाब के पास चलाया गया। इस दौरान संबंधित वार्ड के पदाधिकारियों और इनफोर्समेंट टीमों ने मिलकर कार्रवाई की। निगम प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी व्यक्ति दोबारा इन स्थानों पर दुकान या अस्थायी ढांचा नहीं लगाएगा, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम अधिकारियों ने बताया कि आगामी छठ महापर्व को देखते हुए सभी घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। साथ ही, तालाबों में कचरा या गंदगी डालने वालों पर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
राँची नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि स्वच्छता बनाए रखें और सहयोग करें ताकि छठ महापर्व स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।






























