राजधानी राँची के फाइव स्टार होटल रेडिशन ब्लू में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। सिटी डीएसपी के नेतृत्व में चार थानों की टीम ने देर रात होटल में छापेमारी कर आधा दर्जन से अधिक जुआड़ियों को गिरफ्तार किया।

सूत्रों के अनुसार, होटल के एक कमरे में लंबे समय से जुए का खेल चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजना बनाकर अचानक दबिश दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपियों से नगद रकम, ताश की गड्डियां और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार जुआड़ियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच होगी। वहीं, छापेमारी के बाद राजधानी में ऐसे अन्य स्थानों पर भी निगरानी तेज कर दी गई है। आगे की कार्रवाई जारी है और पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में शहर में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


























