झारखंड: झारखंड में न्यूनतम तापमान के पारा में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक यही स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके का 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं तीन फरवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भाग में बारिश होने की संभावना है। राज्य के शेष भाग में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह हल्की धुंध छाई रहेगी और बाद में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
आस-पास के क्षेत्रों का पूर्वानुमान
वहीं, रांची के आसपास के क्षेत्रों में 31 जनवरी को अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस, एक फरवरी को अधिकतम 27 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस, दो फरवरी को अधिकतम 28 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और तीन फरवरी को अधिकतम 26 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।




























