मौसम: झारखंड से ठंड धीरे-धीरे जाने लगी है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक इसमें कोई खास बदलाव नहीं होगा।
हालांकि, 5 फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड बढ़ सकती है। अब भी कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है, जिससे सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड महसूस हो रही है।
दिन का पारा तेजी से ऊपर
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों के अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते 24 घंटों में कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, सरायकेला में 30.3, जमशेदपुर में 30.0, सिमडेगा में 29.1, डाल्टनगंज में 28.6, खूंटी में 28.3, बोकारो में 27.1, पाकुड़ में 27.0, रांची में 26.4 और देवघर में 26.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
रात के तापमान में भी इजाफा
आईएमडी के अनुसार, राज्य के कई जिलों में न्यूनतम पारा भी तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों में इसमें सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला का 7.8 से 8.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
वहीं, खूंटी में न्यूनतम तापमान 10.3, सिमडेगा में 11.9, बोकारो में 12.1, चाईबासा में 12.4, कोडरमा में 12.5, लोहरदगा में 12.8, रांची में 13.2, जमशेदपुर में 13.4, डाल्टनगंज व पाकुड़ में 10.5 और लातेहार व सरायकेला में 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
राजधानी में अगले दो दिनों के बाद बढ़ेगी ठंड
राजधानी की बात करें तो अगले दो दिनों तक रांची और आसपास के इलाकों में ठंड से राहत बनी रहेगी। हालांकि, इसके बाद 5, 6 और 7 फरवरी को न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे एक बार फिर ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग की मानें तो पूरे महीने मौसम में अप एंड डाउन देखने को मिलेगा।
रांची में अगले चार दिनों का अनुमान:
- 3 फरवरी : अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस।
- 4 फरवरी : अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस।
- 5 फरवरी : अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस।
- 6 फरवरी : अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस।































