झारखंड: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना की है और इसे जनता को गुमराह करने वाला दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा है कि यह बजट महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही आम जनता को राहत देने के बजाय उन्हें हार्ट अटैक देने वाला साबित होगा।
अंसारी के अनुसार, भाजपा सरकार स्वास्थ्य जैसी बुनियादी जरूरत पर पूरी तरह विफल रही है और रांची को एम्स न मिलना झारखंड के साथ किया गया एक बड़ा धोखा है। मंत्री ने बताया कि सरकारी अस्पताल बदहाल स्थिति में हैं। लेकिन, इस बजट में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर केवल भाषण दिए गए हैं और कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है।
मंत्री ने आरोप लगाया है कि युवाओं के पास रोजगार का कोई रोडमैप नहीं है और न ही भर्ती की कोई समय सीमा तय की गई है, जो उनके भविष्य के साथ एक गंदा मजाक है. महिलाओं को भी रसोई गैस, दाल और तेल की बढ़ती कीमतों से कोई राहत नहीं मिली है और मध्यम वर्ग के लिए टैक्स में कोई छूट नहीं दी गई है।
किसानों के मुद्दे पर इरफान अंसारी ने कहा कि किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं, क्योंकि एमएसपी, सिंचाई और कर्ज से राहत जैसे विषयों पर भाजपा ने चुप्पी साध ली है. अंसारी ने बजट को विकास का नहीं, बल्कि जुमलेबाजी का बजट बताया।
मंत्री ने कहा कि जनता के जख्मों पर मरहम लगाने के बजाय पेट्रोल छिड़कने का काम किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही कैंसर की दवाएं सस्ती की गई हों, लेकिन अन्य जरूरी चीजों में राहत न देना जनता के साथ अन्याय है। उनके अनुसार, इस बजट से केवल अडानी और अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को ही मुनाफा हुआ है।






























