राँची:  भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड में 72 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई जिलों में 5 से 7 जुलाई के बीच तेज़ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके लिए मौसम विभाग ने कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि कुछ में येलो अलर्ट जारी किया|

 6 जुलाई को सबसे ज्यादा खतरे की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, 6 जुलाई को राँची, लोहरदगा, सरायकेला-खरसांवा और पूर्वी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है और सतर्क रहना जरूरी है।

 आज (5 जुलाई) इन जिलों में भी तेज बारिश की संभावना

शनिवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राँची में भी बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है।

 7 जुलाई को भी बारिश का असर जारी रहेगा

मौसम विभाग ने बताया है कि 7 जुलाई को सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा जिलों में फिर से भारी बारिश हो सकती है। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

 अब तक सामान्य से 75% अधिक बारिश

झारखंड में अब तक औसत से 75% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है।

प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की अपील

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट रहने को कहा है। प्रशासन को बचाव टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील है कि खराब मौसम के दौरान घर में रहें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और मौसम विभाग की चेतावनी का पालन करें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here