17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक झारखंड में चलेगा स्वास्थ्य महाअभियान

0
169

झारखंड: झारखंड में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आवश्यक इलाज की विशेष व्यवस्था की जाएगी। शिविर में पुरुष भी स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ ले सकेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने सोमवार को नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के सभागार से सभी जिलों के उपायुक्तों और सिविल सर्जनों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ इलाज करना नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन शैली के लिए लोगों को जागरूक करना है।

उन्होंने कहा कि नारी परिवार की रीढ़ होती है और उनके स्वस्थ रहने से पूरा परिवार सशक्त होता है। डॉ वर्णवाल ने सिविल सोसाइटी, रेड क्रॉस, आइएमए और निजी अस्पतालों से भी अपील की कि वे इस अभियान में योगदान दें। बैठक के दौरान उन्होंने जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में भाग लेने वाले लाभार्थियों की ऑनलाइन डेटा एंट्री समय पर सुनिश्चित हो।

राज्य स्तर से पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी जाएगी और जिला एवं प्रखंड स्तर पर भी कार्यक्रम की निगरानी की जाएगी और उन्होंने कहा कि बीमार होकर इलाज कराने से बेहतर है कि लोग समय-समय पर अपनी जांच कराएं और संभावित बीमारियों से बचाव करें।

झारखंड आरोग्य सोसाइटी की कार्यकारी निदेशक डॉ नेहा अरोड़ा ने कहा कि अभियान तभी सफल होगा जब इसमें अधिक से अधिक जनभागीदारी होगी जिसमें उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान आयुष्मान भारत, आभा कार्ड बनाने और ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध होगी। दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि बीपी, शुगर, टीबी, ओरल और ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, मानसिक स्वास्थ्य समेत कई बीमारियों की जांच और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। गंभीर लक्षण वाले मरीजों को बेहतर इलाज की व्यवस्था भी की जाएगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here