रांची: रिम्स निदेशक प्रो. डॉ राज कुमार ने ओपीडी के समय न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र कुमार की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है।
निर्धारित समय पर ओपीडी में नहीं उपस्थित थे डॉ सुरेंद्र
जानकारी के अनुसार, निदेशक डॉ राज कुमार बुधवार को न्यूरोसर्जरी ओपीडी में चिकित्सकीय परामर्श के लिए जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि न्यूरोलॉजी ओपीडी के बाहर बड़ी संख्या में मरीज डॉक्टर के इंतजार में बैठे हैं।
जांच करने पर पाया गया कि डॉ सुरेंद्र निर्धारित समय पर ओपीडी में उपस्थित नहीं थे। बाद में वे करीब 12:30 बजे पहुंचे और निदेशक से बातचीत के दौरान असंवेदनशील व अनुचित व्यवहार करते हुए कहा कि हम लोग मेहनत करते हैं और आप केवल परेशान कर रहे हैं, मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा।
निदेशक ने इस घटना को अत्यंत गंभीर मानते हुए कहा कि मरीजों के हित से जुड़ी किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने डॉ सुरेंद्र के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने और ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित रहने पर कड़ी चेतावनी देने का निर्देश दिया है।
निदेशक ने मरीजों को दिया परामर्श
निदेशक ने मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वयं न्यूरोलॉजी ओपीडी के मरीजों को परामर्श दिया। यह पहली बार नहीं है, जब डॉ राज कुमार ने डॉक्टर की अनुपस्थिति में खुद ओपीडी संभाली हो।






























