देवघर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 गिरफ्तार

0
43

देवघर जिला पुलिस को मोहनपुर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में लिप्त पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कई पुड़िया ब्राउन शुगर भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनपुर थाना के एएसआई राकेश कुमार रंजन सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि डुमरिया मोड़ यात्री शेड के बगल स्थित मैदान में कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री व सेवन कर रहे हैं। उन्होंने इसकी सूचना थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार को दी। थाना प्रभारी ने सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह को जानकारी दी।

एसडीपीओ स्वयं मौके पर पहुंचे और छापेमारी दल का गठन किया। पुलिस की टीम बताए स्थान पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही मैदान में बैठे पांच युवक भागने लगे। पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में सुमन कुमार मंडल, हरि मंडल, अविनाश कुमार, श्रवण कुमार मंडल, व सोहन लाल बेसरा शामिल हैं। सभी मोहनपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

तलाशी में सुमन कुमार मंडल के जैकेट की जेब से दो पुड़िया, हरि मंडल की जेब से दस पुड़िया में (1.47 ग्राम), अविनाश कुमार के पास से दो पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इसके बाद, सभी को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here