झारखंड में मौसम साफ, 15 फरवरी तक पूर्ण राहत

0
103

झारखंड: झारखंड राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान, मौसम शुष्क बना रहा। राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। सुबह के समय कई जिलों में हल्की धुंध देखी गई, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर में पश्चिमी से उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रभावी हैं। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ को अफगानिस्तान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है, जिसका अप्रत्यक्ष असर आने वाले दिनों में तापमान के क्रमिक बदलाव के रूप में सामने आ सकता है। हालांकि फिलहाल राज्य में किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान, राज्य में अधिकतम तापमान में अधिकांश स्थानों पर कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। चाईबासा में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। जबकि, न्यूनतम तापमान कई इलाकों में सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। आने वाले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। लेकिन, इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है।

आगामी दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 फरवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह हल्की धुंध और बाद में साफ या आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। रांची और आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले सात दिनों के लिए झारखंड के किसी भी हिस्से में कोई मौसम संबंधी चेतावनी नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here