रांची: रांची–टाटा मार्ग पर तैमारा घाटी के पास सोमवार को एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा वाहन धू-धू कर जल उठा। जानकारी के अनुसार ट्रक जमशेदपुर से रांची की ओर आ रहा था। घटना के समय चालक और खलासी भोजन करने के लिए पास के एक लाइन होटल पर रुके थे।
इसी दौरान, ट्रक के केबिन से धुआँ निकलने लगा और कुछ ही देर में आग पूरे वाहन में फैल गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि चालक और खलासी सुरक्षित हैं। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।






























