रांची: रिम्स के डेंटल कॉलेज स्थित ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने एक 14 वर्षीय बच्ची के जबड़े में मौजूद करीब 4 किलो वजनी विशालकाय ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। मरीज हजारीबाग की रहने वाली है और पिछले लगभग तीन वर्षों से इस समस्या से जूझ रही थी।
ट्यूमर के कारण बच्ची को खाना खाने में काफी परेशानी हो रही थी। परिजनों ने इलाज के लिए कई अस्पतालों का रुख किया। लेकिन, राहत नहीं मिली। इसके बाद, मरीज को रिम्स डेंटल कॉलेज के मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उसका सफल उपचार किया।
सर्जरी के दौरान, जबड़े के प्रभावित हिस्से को हटाया गया और कटे हुए जबड़े के हिस्से को प्लेट की सहायता से पुनर्स्थापित किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति संतोषजनक है।
इस सर्जरी में ओरल एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के डॉ. वी.के. प्रजापति, डॉ. अजय शाही, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. मनीषा और डॉ. निधि शामिल रहे. वहीं निश्चेतना विभाग से डॉ. शिवप्रिये, डॉ. अजीजुल, डॉ. तुषार, डॉ. आशुतोष, डॉ. नीतू और डॉ. रोहित ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सर्जरी को सफल बनाने में पैरामेडिकल कर्मियों का भी विशेष योगदान रहा।






















