मुंबई: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग के दौरान हुआ एक हादसा है। खबर है कि मुंबई में शूट हो रही इस फिल्म के एक एक्शन सीक्वेंस के दौरान शाहरुख घायल हो गए।

यह घटना मुंबई के गोल्डन टोबैको स्टूडियो में हुई, जहां फिल्म के कुछ अहम एक्शन दृश्य फिल्माए जा रहे थे। सूत्रों के अनुसार, एक स्टंट सीन के दौरान संतुलन बिगड़ने की वजह से शाहरुख को चोट लग गई। हालांकि चोट कितनी गंभीर है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं की गई है।
फिल्म यूनिट से जुड़े लोगों ने बताया कि अभिनेता को तुरंत प्राथमिक इलाज दिया गया और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए शूटिंग को रोक दिया गया है और अब टीम उनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद ही अगली तारीखों पर फैसला लेगी।
शाहरुख खान, जो हाल ही में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा चुके हैं, अब ‘किंग’ को लेकर सुर्खियों में हैं। यह फिल्म एक एक्शन-थ्रिलर मानी जा रही है, जिसमें शाहरुख अपने पहले जैसे इंटेंस रोल में नजर आएंगे।
फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। शाहरुख खान की टीम या परिवार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कहा जा रहा है कि वह खतरे से बाहर हैं और जल्द ही ठीक होकर शूटिंग फिर से शुरू करेंगे।

























