रांची में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है, जहां असामाजिक तत्वों ने शहीद लांस नायक राजकुमार महतो की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि देश के लिए मर मिटने वाले जवानों को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सैनिकों के सम्मान में फूल बरसाए जा रहे हैं, वहीं झारखंड में हेमंत सरकार के संरक्षण में असामाजिक तत्व शहीदों की मूर्ति तोड़ रहे हैं।
बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “जब देश अपनी सीमाओं पर पाकिस्तान की नापाक हरकतों से जूझ रहा है, तब झारखंड में कुछ जयचंद किस्म के लोग देश की नींव को कमजोर करने पर तुले हुए हैं। हमारे शहीदों ने अपनी जान को दांव पर लगाकर देश को बचाने का कर्ज चुकाया है। ऐसे कायरों और गद्दारों को यह समझना होगा कि जो शहीदों के अपमान में शामिल हैं, वे देश के हर नागरिक की आत्मा पर चोट कर रहे हैं।”
*मामले की जांच शुरू*
शहीद की पत्नी जया प्रभा महतो ने अनगड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
*प्रशासन पर दबाव*
बाबूलाल मरांडी ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की नहीं, पूरे राष्ट्र की भावनाओं से जुड़ा मामला है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है ।

































