मनोरंजन: बॉक्स ऑफिस पर 14 अगस्त को बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। इमरान हाशमी की आवारापन 2 और सनी देओल की बंटवारा 1947 सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। दोनों फिल्मों की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, लेकिन शुरुआती आंकड़ों में इमरान हाशमी की फिल्म काफी आगे निकलती नजर आ रही है।
Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, आवारापन 2 के ओपनिंग डे के लिए देशभर में करीब 3,168 शोज की बुकिंग चल रही है। वहीं, बुधवार सुबह तक फिल्म के करीब 37,183 टिकट बिक चुके थे। इन टिकटों से लगभग 1.30 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हो चुकी है। ब्लॉक सीटों को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 2.68 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, बंटवारा 1947 के करीब 2,959 शोज की बुकिंग चल रही है। फिल्म के अब तक करीब 11,376 टिकट बिके हैं, जिससे लगभग 39.37 लाख रुपये की ग्रॉस कमाई हुई है। ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह रकम करीब 1.39 करोड़ रुपये हो जाती है। इन आंकड़ों से साफ है कि फिलहाल एडवांस बुकिंग के मामले में ‘आवारापन 2’ ने ‘बंटवारा 1947’ पर अच्छी बढ़त बना ली है।
इमरान हाशमी और सनी देओल की फिल्मों के बीच यह बॉक्स ऑफिस टक्कर लंबे गैप के बाद देखने को मिल रही है। इससे पहले 2007 में आवारापन और अपने एक ही समय के आसपास रिलीज हुई थीं।
उस मुकाबले में सनी देओल की ‘अपने’ ने बेहतर प्रदर्शन किया था। हालांकि, समय के साथ इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ को दर्शकों के बीच खास पहचान मिली और फिल्म के किरदार व कहानी ने अपनी अलग जगह बनाई। अब ‘आवारापन 2’ की रिलीज के साथ एक बार फिर दोनों सितारों की फिल्मों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा।
ऑनलाइन दर्शकों की दिलचस्पी के मामले में भी ‘आवारापन 2’ आगे चल रही है। बुकमायशो पर फिल्म को करीब 2.98 लाख से ज्यादा इंटरेस्ट लाइक्स मिल चुके हैं। वहीं, बंटवारा 1947 को लगभग 1.31 लाख लाइक्स मिले हैं। हालांकि, एडवांस बुकिंग के आंकड़े रिलीज से पहले लगातार बदलते रहते हैं। रिलीज के बाद, शोज की संख्या, दर्शकों की प्रतिक्रिया और वीकेंड की कमाई से दोनों फिल्मों की असली स्थिति सामने आएगी।

































