खेल: भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरिज खेलनी है, जिसकी शुरुआत, 13 जून से होगी। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाना है। इसके बाद, सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं, तीसरे और अंतिम मैच की मेजबानी चेन्नई का एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम करेगा, जो 20 जून को खेला जाना है।
मैच से पहले टीम इंडिया और भारतीय क्रिकेट फैंस को झटका लगा है। पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए है। हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण कोहली इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
विराट कोहली रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच हुए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में चोटिल हो गए थे। आखिरी ओवरों के दौरान कोहली दौड़ते समय परेशानी महसूस करते नजर आए थे। लेकिन, उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे। उन्होंने उस मैच में 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए और आरसीबी को गुजरात टाइटन्स (GT) पर पांच विकेट से जीत दिलाकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाया।
रोहित शर्मा भी इंजरी से जूझ रहे हैं और उनके वनडे सीरीज में खेलने पर संशय बरकरार है। रोहित और हार्दिक पांड्या को वनडे टीम में जगह दी गई है, लेकिन, दोनों ही खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा।
आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा। कोहली आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे नंबर पर रहे। उन्होंने 16 मुकाबलों में 165 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 675 रन बनाए। कोहली ने टूर्नामेंट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए और टीम को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया।





















