झारखंड: झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। परिषद ने परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 जून 2026 कर दी है।
JAC के अनुसार, कई ऐसे अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त हुए थे जिन्होंने JTET-2024 के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनके मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी उपलब्ध नहीं होने के कारण JTET-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने में कठिनाई हो रही थी। इन अभ्यर्थियों ने वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
परिषद ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए विशेष अवसर दिया जाएगा। आवेदन की सामान्य अवधि समाप्त होने के बाद परिषद की वेबसाइट पर विशेष प्रक्रिया और आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, जिनका पालन कर संबंधित अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र भर सकेंगे।
JAC ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। अधिक जानकारी और आगामी निर्देश परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।





















