मनोरंजन: तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने राइटर बीवीएस रवि ने रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2 की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इन फिल्मों को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा टर्निंग पॉइंट बताते हुए टॉलीवुड के काम करने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं।
आदित्य धर की फिल्ममेकिंग की सराहना
एक इंटरव्यू में बीवीएस रवि ने डायरेक्टर आदित्य धर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म में गहरी रिसर्च और मेहनत दिखाई है। उन्होंने कहा – धुरंधर को देखिए यह लगभग 8 घंटे की कहानी को समेटती है। इसमें कितनी मेहनत और प्लानिंग लगी होगी। उन्होंने हर चीज को लॉजिक देने की कोशिश की और अपने विजन पर लोगों का भरोसा जीत लिया।
कम बजट में बड़ा कमाल
रवि ने खास तौर पर फिल्म के बजट का जिक्र करते हुए कहा कि ‘धुरंधर’ और उसके सीक्वल को मिलाकर करीब 260 करोड़ रुपये में बनाया गया, जो इस स्तर की फिल्मों के लिए काफी संतुलित बजट है। उन्होंने कहा- हम अक्सर 500 करोड़ से फिल्म शुरू करते हैं। लेकिन, इस फिल्म ने साबित किया कि सही प्लानिंग से कम लागत में भी शानदार नतीजे दिए जा सकते हैं।
टॉलीवुड को दिखाया आईना
बीवीएस रवि ने टॉलीवुड में बढ़ती लागत पर भी टिप्पणी की। उनके मुताबिक, फिल्मों के महंगे होने की असली वजह सिर्फ एक्टर्स की फीस नहीं, बल्कि कमजोर प्री-प्रोडक्शन प्लानिंग है। उन्होंने कहा -धुरंधर जैसी फिल्में दिखाती हैं कि अनुशासन और सही तैयारी के साथ कम खर्च में भी बेहतरीन सिनेमा बनाया जा सकता है। यह आम प्रोड्यूसर्स के लिए एक तरह से ‘अंत की शुरुआत’ है।
बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल
फिल्म की कमाई की बात करें तो ‘धुरंधर 2 ने रिलीज के 19 दिनों में भारत में 1,023.77 करोड़ नेट और 1,225.72 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वहीं, ओवरसीज में फिल्म ने 400 करोड़ कमाए हैं। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,625.72 करोड़ तक पहुंच गया है।































