रांची: आजाद बस्ती स्थित अवैध बूचड़खाने पर लाइब्रेरी और सामुदायिक भवन बनाया जायेगा। इसके अलावा, अन्य प्रकार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जायेगा। रांची नगर निगम ने विज्ञप्ति जारी कर इस बात की घोषणा की है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आजाद बस्ती वार्ड नंबर 16 स्थित अवैध बूचड़खाने की जमीन नगर निगम की है। इस जमीन का क्षेत्रफल 1.3 डिसमिल है। निगम ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए दिये गये आदेश के आलोक में इस अवैध बूचड़खाने की जमीन को मुक्त कराने का फैसला किया है।
नगर निगम द्वारा इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद उसे विकसित किया जायेगा। इस जमीन पर लाइब्रेरी और सामुदायिक भवन का निर्माण किया जायेगा। इसके अलावा, अन्य प्रकार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जायेगा।
इसके साथ ही, रांची नगर निगम ने आम लोगों से यह अनुरोध किया है कि वे नगर निगम की संपत्तियों पर किये गये अवैध कब्जे की जानकारी दें। ताकि, उसे अतिक्रमण मुक्त कराकर आम लोगों की सुविधाओं के लिए विकसित किया जा सके।
































