स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैंकिंग सुधारने के लिए रांची में सफाई का मेगा अभियान

0
81

रांची: रांची नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए शहरभर में विशेष सफाई अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार के 10वें संस्करण के तहत 12,500 अंकों के आधार पर शहरों का मूल्यांकन होगा, जिसमें ‘विजिबल क्लीनलीनेस’ के लिए 1500 अंक निर्धारित हैं। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को मैदान में उतरकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंगलवार को प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में शहर की सड़कों, पार्कों, पर्यटन स्थलों और कमर्शियल क्षेत्रों में नियमित सफाई पर विशेष जोर दिया गया। निर्देश दिया गया कि रेजिडेंशियल एरिया और सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन दो बार झाड़ू लगाई जाए, मुख्य सड़कों के साथ बैक लेन की विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए और दुकानों के बाहर दो डस्टबिन अनिवार्य किए जाएं।

कमर्शियल क्षेत्रों में तीन शिफ्ट में कचरा उठाव, शहरभर में ड्रेन क्लीनिंग अभियान तथा दीवारों पर पेंटिंग के माध्यम से सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट और सेकेंडरी वेरिफिकेशन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। DRMT टीम को ऑन-द-स्पॉट समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में उप प्रशासक संजय कुमार, उप प्रशासक गौतम प्रसाद साह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here