रांची के एचईसी क्षेत्र में अतिक्रमण के नाम पर बस्तियों को उजाड़ने के विरोध में सोमवार को बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों बस्तीवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुंदरगढ़ बाईपास रोड स्थित बस्ती से जुलूस की शक्ल में निकले प्रदर्शनकारी बिरसा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने “बस्ती उजाड़ना बंद करो”, “फ्लैट नहीं, मालिकाना हक चाहिए”, “गरीबों को उजाड़ना बंद करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने एचईसी प्रबंधन का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा की शुरुआत समिति के संयोजक मिंटू पासवान द्वारा पुतला जलाकर की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और एचईसी प्रबंधन गरीब बस्तीवासियों को उजाड़ने की साजिश कर रहे हैं ताकि कॉरपोरेट और अमीर तबकों को लाभ पहुंचाया जा सके।
मिंटू पासवान ने वर्ष 2011 की घटनाओं को याद दिलाते हुए कहा कि बस्तीवासियों की एकता ने उन प्रयासों को विफल कर दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रबंधन ने अपना रवैया नहीं बदला, तो आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकार और एचईसी प्रबंधन बस्तीवासियों को मालिकाना हक प्रदान करे और उन्हें उजाड़ने की कार्रवाई बंद करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे और भी उग्र आंदोलन करेंगे।
































