प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन किया है। नामांकन से पहले पीएम मोदी ने गंगा स्नान किया । उन्होंने दशाश्वमेध घाट पर पूजा-अर्चना करने के बाद काल भैरव से आशीर्वाद माँगा। पीएम करीब 11 बजकर 40 मिनट पर नामांकन दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत 20 केंद्र और यूपी सरकार के मंत्री मौजूद थे। इसके अलावा 12 बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पीएम की नामांकन प्रक्रिया में शामिल रहें। काशी से मेरा अद्भुत रिश्ता- पीएम मोदी पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन के पूर्व सोशल मीडिया के एक्स साइट पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि ‘अपनी काशी से मेरा रिश्ता अद्भुत है, अभिन्न है और अप्रतिम है… बस यही कह सकता हूं कि इसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता!’ नामांकन से पहले हुए पीएम मोदी का रोड शो वहीं, नामांकन से पहले पीएम मोदी ने सोमवार (13 मई) को पांच किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो किया। पीएम मोदी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह भी मौजूद थे। रोड शो के दौरान पूरा इलाका ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज रहा था।





























