रांची, 10 अप्रैल 2025: झारखंड के खेल, युवा कार्य, कला-संस्कृति और पर्यटन मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने आज रांची में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा हेतु विभिन्न खेल स्थलों का दौरा किया।
माननीय मंत्री ने मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण कर आगामी सैफ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खेल विभाग को रांची जिला प्रशासन से फुटबॉल ग्राउंड का हैंडओवर शीघ्र प्राप्त कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, माननीय मंत्री ने मोरहाबादी इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम, खेलगांव परिसर में स्थित एथलेटिक्स स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम और बैडमिंटन स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने Jharkhand State Sports Promotion Society (JSSPS) के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संस्था की कार्ययोजना की समीक्षा की।
माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड सरकार झारखंड में खेलों को नई ऊंचाई देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है। हमारा प्रयास है कि राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गौरवशाली प्रदर्शन करें और झारझण्ड और देश का नाम रोशन करें।




























