JTET 2026 आवेदन में तकनीकी संकट, हजारों कैंडिडेट प्रभावित

0
14

झारखंड: झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने JTET 2026 के ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) को ज्ञापन सौंपा है। संघ का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही अभ्यर्थियों को कई तकनीकी और प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इससे हजारों उम्मीदवार आवेदन करने में असमर्थ हैं और मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। संघ द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि आवेदन पोर्टल बार-बार बंद हो जा रहा है या सही ढंग से काम नहीं कर रहा है। इसके अलावा, शैक्षणिक योग्यता भरने में त्रुटियां, श्रेणी व प्रमाण पत्र से जुड़े विकल्पों में गड़बड़ी और आधार संख्या डुप्लिकेट बताने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

अभ्यर्थियों की मुख्य समस्याओं में यह भी शामिल है कि आवेदन सबमिट होने के बाद प्रिंट या डाउनलोड की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वहीं, बी.एड और डीएलएड अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर भी अस्पष्टता बनी हुई है।

संघ ने वर्ष 2024 में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के लिए सुधार (Correction) का विकल्प उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे अपनी त्रुटियों को ठीक कर सकें। साथ ही, 2024-26 और 2025-27 सत्र के अभ्यर्थियों के लिए Appearing Certificate का निर्धारित फॉर्मेट जारी करने की भी मांग की गई है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि अगस्त 2024 में JTET के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को वर्ष 2026 में पुनः सरल तरीके से आवेदन करने का अवसर दिया जाए क्योंकि वर्तमान प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं के कारण फॉर्म भरने और लेवल चयन में कठिनाई हो रही है।

संघ ने मांग की है कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन में नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, पता, ईमेल, मोबाइल नंबर या अन्य विवरण में गलती की थी। उन्हें पुनः आवेदन कर सुधार का अवसर दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र उम्मीदवार वंचित न रह जाए।

संघ ने JAC से सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और आवेदन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने की अपील की है, ताकि योग्य अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के आवेदन कर सकें।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here