मनोरंजन: मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस OTT 2 के विजेता एल्विश यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है रियलिटी शो ‘द 50’ में प्रिंस नरूला और मैक्सटर्न द्वारा उन पर लगाए गए आरोप, जिस पर एल्विश यादव ने मज़ाकिया अंदाज़ में अपनी चुप्पी तोड़ी है।
हाल ही में, एल्विश यादव ने अपने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया जिसमे उन्होनें लिखा- मेरा स्क्रीनटाइम ‘द 50’ में कोई मैच कर पा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन शो के हालिया एपिसोड में उनके नाम को लेकर हुई चर्चाओं के तुरंत बाद आई इस पोस्ट को फैंस प्रिंस नरूला और मैक्सटर्न पर एक तंज के तौर पर देख रहे हैं।
दरअसल, ‘द 50’ के एक एपिसोड में शो की प्रतियोगिता से हटकर एल्विश यादव से जुड़े पुराने विवादों पर बात की गई। इस दौरान, प्रिंस ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि Roadies XX के दौरान हुई एक तीखी बहस के बाद एल्विश ने उन्हें डराने के लिए गैंगस्टर्स का सहारा लिया था। प्रिंस नरूला के अनुसार, जब उन्होंने गुरुग्राम में एल्विश का सामना करने की कोशिश की, तो वह कथित तौर पर गोवा चले गए।
वहीं, मैक्सटर्न ने भी बातचीत में हिस्सा लेते हुए एल्विश को असल गैंगस्टर नहीं बल्कि रील गैंगस्टर बताया। उन्होंने यह भी दावा किया कि झगड़े से पहले एल्विश ने उनके खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे, जिसका मकसद उन्हें समझ नहीं आया। इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर उनके पुराने विवादों को लेकर बहस तेज़ हो गई।
एल्विश यादव की यह व्यंग्यात्मक पोस्ट अब फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कई लोग इसे शो में उनके नाम को लेकर बनाई जा रही कहानी का करारा जवाब मान रहे हैं, तो कुछ इसे उनकी लोकप्रियता का संकेत बता रहे हैं-जहां शो का हिस्सा न होते हुए भी चर्चा का केंद्र वही बने हुए हैं।
गौरतलब है कि, ‘द 50’ की शुरुआत 1 फरवरी से हुई थी, जिसमें 50 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। शो के नए एपिसोड रोज़ाना रात करीब 9 बजे JioHotstar पर स्ट्रीम होते हैं, जबकि टीवी पर यह Colors TV पर रात 10:30 बजे प्रसारित किया जाता है।































