राँची: राँची में पत्रकार के साथ मारपीट और लूटपाट की कोशिश के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम ने महज 12 घंटे के भीतर घटना में शामिल दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी ऋषभ कुमार और रामगढ़ के मांडू निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
घटना मंगलवार देर रात की है, जब पत्रकार मुकेश कुमार ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के सुभाष चौक, कोकर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका, मारपीट की और मोबाइल व नकदी लूटने का प्रयास किया। पीड़ित के बयान पर सदर थाना कांड संख्या-06/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राँची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


































