झारखंड में सरकारी धन के बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड ऊर्जा विकास निगम के खाते से 100 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी निकासी के मामले में ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, यह निकासी एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकती है। सरकारी कंपनियों के खाते आमतौर पर चेक के माध्यम से खोले जाते हैं, लेकिन इस मामले में झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDCL) के नाम पर नकद राशि से फर्जी खाता केनरा बैंक में खोला गया था, जिससे ऊर्जा निगम के खाते से पैसा ट्रांसफर किया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी कंपनियों के बीच होने वाले करोड़ों के लेन-देन पर बैंक या जांच एजेंसियों की सीधी नजर नहीं होती, जिससे इस तरह की धोखाधड़ी आसानी से अंजाम दी जा सकती है।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में रांची दौरे के दौरान ED निदेशक राहुल नवीन ने इस मामले में गहराई से तथ्य जुटाने और जांच शुरू करने के निर्देश दिए थे। अब जांच एजेंसी ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही बड़ी गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।






























