झारखंड: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पंचवर्षीय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की अंतिम सूची बुधवार को काउंसिल ने जारी कर दी गई। 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे।
प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने कहा कि नामांकन करने वाले किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। आज प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी गई जिसमें 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों का सीरियल नंबर काउंसिल के वेबसाइट पर है।
इधर, चुनाव को लेकर प्रत्याशियों (अधिवक्ताओं) का राज्य के विभिन्न जिलों में चुनावी दौरा जारी है। प्रत्याशी झारखंड हाई कोर्ट सहित राज्य के विभिन्न सिविल कोर्ट में जाकर अपने पक्ष में अधिवक्ताओं से समर्थन मांग रहे हैं।
हाई कोर्ट में सरकार के वरीय स्थाई सलाहकार अशोक कुमार यादव अपने चुनावी प्रचार में झारखंड के गिरिडीह, देवघर, मधुपुर, दुमका, पाकुड़, राजमहल, साहिबगंज आदि जिलों का दौरा कर रहे हैं।
हाईकोर्ट में सरकार के राजकीयकृत अधिवक्ता मनोज कुमार ने अपने चुनावी दौरे में जामताड़ा, जमशेदपुर, देवघर आदि जिलों में अधिवक्ताओं से संपर्क किया है और उनसे समर्थन मांगा।
हाई कोर्ट के अधिवक्ता अवनीश रंजन मिश्रा ने हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, बरही अनुमंडल बार, खूंटी, सिमडेगा, रांची जिला बार भ्रमण किया और अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में प्रथम वरीयता मत देने की अपील की।
23 पदों पर चुनाव
इस बार काउंसिल के लिए 25 पदों में से 23 पदों पर चुनाव हो रहा है। जिसमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्य शामिल हैं। दो पद मानोनयन के आधार पर चुने जाएंगे। पहली बार महिला अधिवक्ताओं के लिए 7 सीटें आरक्षित की गई हैं। इस चुनाव में झारखंड के कुल 25001 अधिवक्ता मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।































