बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रीनराइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान को लीलावती अस्पताल से एक महीने बाद आज डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्हें सुबह साढ़े 10 बजे अस्पताल से छुट्टी दी गई, जबकि सलमान खान सुबह 6 बजे ही अस्पताल पहुंच गए थे।
सलीम खान 17 फरवरी से अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनकी सेहत में सुधार होने के बाद ही उन्हें घर जाने की अनुमति दी गई।
बताया गया कि, 17 फरवरी को सलीम खान की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने के बाद तुरंत लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें माइनर ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसे तुरंत टैकल किया गया। सुरक्षा कारणों से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। डॉक्टर जलिल पारकर ने बताया था कि सलीम खान के ब्रेन में ब्लड क्लॉट था और उनका डीएसए टेस्ट किया गया।
सलमान ने रखी गोपनीयता
डॉक्टरों ने परिवार की अनुमति के बिना कोई हेल्थ अपडेट जारी नहीं किया। सलमान खान ने मीडिया को बताया कि पिता के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी केवल परिवार की सहमति से ही साझा की जाएगी।































