झारखंड में मतदाता सूची सुधार की तैयारी तेज

0
14

झारखंड: झारखंड में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को निर्वाचन सदन में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को इन्यूमेरेशन फॉर्म देंगे और भरे हुए फॉर्म वापस लेंगे। बीएलओ हर घर पर एक स्टीकर भी लगाएंगे। इस स्टीकर पर घर की संख्या, बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर लिखा होगा, ताकि लोग जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क कर सकें।

के. रवि कुमार ने कहा कि लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से न छूटे। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने दलों से अपील की कि सभी मतदान केंद्रों पर जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति करें और उन्हें जरूरी प्रशिक्षण भी दिलाएं।

उन्होंने बताया कि हर मतदान केंद्र पर एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी। इसे बीएलओ द्वारा बीएलए से प्रमाणित कर प्रकाशित किया जाएगा।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here