बकरीद पर्व को देखते हुए झारखंड पुलिस ने राज्यभर में सुरक्षा और विधि व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें राज्य के सभी रेंज के आईजी, डीआईजी और जिलों के एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना था।
डीजीपी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही डीजे पर भड़काऊ गाने बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने को कहा गया है।
बैठक में पिछले वर्षों में बकरीद या अन्य अवसरों पर हुई सांप्रदायिक घटनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा भी की गई। डीजीपी ने सभी एसपी को निर्देश दिया कि वे इन मामलों में अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करें और असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कदम उठाएं, ताकि भविष्य में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
इस अहम बैठक में एडीजी प्रिया दूबे, आईजी अभियान माईकलराज एस, आईजी जगुआर अनुप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत माहथा और विशेष शाखा की एसपी मूमल राजपुरोहित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





























