रांची में 6 मई को आयोजित होने वाली ‘संविधान बचाओ’ रैली को ऐतिहासिक और जन-सैलाब से भरा बनाने के लिए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में गठित समितियां दिन-रात तैयारी में जुटी हैं।
*जनजागरूकता अभियान जोरों पर*
रैली को लेकर राजधानी के मोहल्लों से लेकर सुदूर प्रखंडों तक आमजन से सीधा संवाद किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से लेकर शहर के हर चौक-चौराहे तक, रैली को लेकर जनजागरूकता फैलाई जा रही है। “जातिगत जनगणना के लिए जननायक राहुल गांधी आभार” और “जय बापू, जय भीम, जय संविधान” जैसे नारे वाले होर्डिंग्स पूरे रांची में लगाए जा रहे हैं।
*पार्टी के वरिष्ठ नेता जुटे हुए हैं*
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं झारखंड प्रभारी डॉ. बेला प्रसाद स्वयं रांची में मौजूद हैं और पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने पुराना विधानसभा मैदान का निरीक्षण किया और मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की बैठने की व्यवस्था समेत हर पहलू की बारीकी से समीक्षा की।
*रैली के बाद महत्वपूर्ण बैठकें*
रैली के बाद होटल बीएनआर में पॉलीटिकल अफेयर्स कमेटी, जिला कांग्रेस अध्यक्षों और प्रदेश कार्यकारिणी की अलग-अलग महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की उपस्थिति तय है। वे सभी नेताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे और आगामी रणनीति पर गहन विमर्श करेंगे।




























