रांची में अचानक SSC MTS की परीक्षा रद्द

0
195

रांची: रांची के तीन परीक्षा केंद्रों में आयोजित एसएससी एमटीएस और हवलदार परीक्षा को तकनीकी कारणों से रद्द कर दिया गया है। अचानक परीक्षा रद्द करने के कारण अभ्यर्थियों में काफी आक्रोश है। इसको लेकर आइडियल इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य दो परीक्षा सेंटरों में अभ्यर्थी हंगामा कर रहे हैं।

बता दें कि, एमटीएस और हवलदार परीक्षा के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों के अलावा अन्य राज्यों से भी परीक्षार्थी पहुंचे हैं। ऐसे में, अचानक परीक्षा रद्द होने से अभ्यर्थियों में निराशा और नाराजगी देखने को मिल रही है।

दूर-दराज से लंबी यात्रा कर आए अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार तकनीकी कारणों का हवाला देकर परीक्षा रद्द करना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि, परीक्षा प्रणाली में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं और आउटसोर्स की गई निजी एजेंसियों की भूमिका संदिग्ध है। उनका कहना है कि जब तक परीक्षा संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की जाएगी, तब तक ऐसी समस्याएं बनी रहेंगी।

अभ्यर्थियों ने आधिकारिक सूचना और स्पष्ट जवाबदेही की मांग करते हुए कहा कि सिर्फ परीक्षा पुनर्निर्धारित कर देना समाधान नहीं है, बल्कि पूरी व्यवस्था में सुधार जरूरी है।

SSC की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, तकनीकी कारणों से 11 फरवरी की प्रथम पाली की परीक्षा रद्द की गई है। फिलहाल, परीक्षा की नई तिथि की घोषणा नहीं की गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखने की सलाह दी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here