रांची: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के तहत बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पहचान और जांच के लिए 10 और 11 अप्रैल को सदर अस्पताल रांची में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। यह शिविर अमृता हॉस्पिटल कोच्ची के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बच्चों की स्क्रीनिंग करेगी। राज्य के विभिन्न जिलों से चिन्हित बच्चों को यहां लाकर उनकी जांच और जरूरी परामर्श दिया जाएगा। विशेषज्ञों द्वारा इको सहित अन्य जांच के माध्यम से बच्चों के हृदय की स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
जांच के बाद जिन बच्चों में सर्जरी की आवश्यकता पाई जाएगी, उनका निशुल्क ऑपरेशन अमृता हॉस्पिटल कोच्ची में कराया जाएगा। सर्जरी के बाद बच्चों का फॉलोअप भी किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त होगी। सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि चिन्हित बच्चों को शिविर स्थल तक लाने के लिए परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चे इस सुविधा का लाभ उठा सकें। बच्चों के साथ उनके अभिभावकों के लिए आने-जाने और ठहरने की सुविधा भी मुफ्त दी जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान और बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है। इस शिविर में करीब 500 बच्चों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है।































