भारत: पीएम मोदी और उनकी मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर एनडीए ने आज पांच घंटे का बिहार बंद का आह्वान किया है, जो सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। इसको लेकर पटना, गयाजी सहित अन्य जगहों पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी कार्यकर्ता टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
बिहार बंद की कमान महिला कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। हालांकि रेल सेवाओं और आपातकालीन सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया है।
सड़क पर प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मां का अपमान नहीं सहेगा बिहार, मां-बहनों के अपमान में पूरा बिहार बंद रहेगा, तेजस्वी यादव मुर्दाबाद, राहुल गांधी मुर्दाबाद, कांग्रेस-राजद होश में आओ जैसे नारे लगा रही हैं। इसके अलावा राहुल गांधी हाय हाय, राहुल गांधी शर्म करो, महागठबंधन हाय हाय और महागठबंधन शर्म करो के भी नारे लगाए जा रहे हैं।































