चतरा: चतरा जिले के पिपरवार क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडर का संकट गहरा गया है। पिछले करीब एक महीने से एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिससे कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी सीसीएल के कर्मचारी, अधिकारी और आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं।
यह संकट पिपरवार में गैस की सप्लाई करने वाली भारत गैस की शिव शक्ति एजेंसी और सीसीएल के बीच समझौता खत्म होने के कारण पैदा हुआ है। वहीं, सीसीएल का किसी दूसरी एजेंसी के साथ अभी तक करार नहीं हुआ है, जिसके कारण इलाके में सिलेंडर की आपूर्ति रुक गई है और लोगों की रसोई पर संकट आ खड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सीसीएल अपने कर्मचारियों को हर महीने एक गैस सिलेंडर देता है। ताकि, उन्हें जलावन कोयले पर निर्भर न रहना पड़े। लेकिन, पिछले एक महीने से यह सुविधा बंद है, जिससे कर्मचारियों के घरों में दिक्कत बढ़ गई है।
इसका असर सिर्फ सीसीएल कर्मियों पर ही नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है। उन्हें भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। जिससे पूरे पिपरवार क्षेत्र में एलपीजी की समस्या गंभीर होती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी समस्या होने के बावजूद अभी तक किसी श्रमिक यूनियन ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं उठाया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।





























