राजनीति: असम विधानसभा चुनाव को लेकर गोसाईंगांव सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपनी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने पार्टी प्रत्याशी फैड्रिक्शन हांसदा के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
जनसभा में कल्पना सोरेन ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं बल्कि इतिहास बनाने का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि असम की जनता बदलाव चाहती है और इस बार नया विकल्प चुनने के मूड में है। उन्होंने कहा कि झामुमो असम के आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

कल्पना सोरेन ने चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इन मजदूरों को उनका हक दिलाने के लिए पार्टी लगातार प्रयास करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वोट का सही इस्तेमाल करें क्योंकि एक-एक वोट आदिवासी समुदाय को मजबूत करेगा।
इस मौके पर सांसद जोबा माझी और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने लोगों से झामुमो प्रत्याशी फैड्रिक्शन हांसदा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।































