कटड़ा: कटड़ा से माता वैष्णो देवी धाम की ओर बढ़ते श्रद्धालु अर्धकुंवारी तक पहुंचे ही थे कि अचानक पहाड़ दरक पड़ा। इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास आये भूस्खलन ने दर्जन जिंदगियों को लील लिया, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गये। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका अब भी बनी है।
प्रशासन का अलर्ट
भारी बारिश ने तीन पुल भी बहा दिये। बचाव दल NDRF, पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं। श्राइन बोर्ड ने भी जानकारी साझा कर लोगों से धैर्य रखने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया, दोपहर करीब 3 बजे आया यह भूस्खलन मंदिर मार्ग के बीचो-बीच हुआ। हिमकोटी ट्रेक पहले से बंद था, और अब पुराने मार्ग पर भी यात्रा रोक दी गई है। माता के दरबार तक जाने वाला यह रास्ता आज खामोश है, जहां हर कदम पर भक्ति गूंजती थी, वहां अब सिर्फ रेस्क्यू टीमों की पुकार सुनाई दे रही है।





























