रांची: रांची नगर निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपविकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ कुमार भुवनिया ने रांची के मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर किया गया।
DDC ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार समय पर और त्रुटिरहित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशासन के मुताबिक 22 फरवरी को मोरहाबादी डिस्पैच सेंटर से मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। DDC ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. इसमें काउंटरवार डिस्पैच व्यवस्था, मतदान सामग्री किट की पूरी जांच, पोलिंग कर्मियों की उपस्थिति सत्यापन और रैंडमाइजेशन के अनुसार प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, सुरक्षा बलों की तैनाती, वाहन व रूट चार्ट, मेडिकल सुविधा, पेयजल, शौचालय और कंट्रोल रूम व हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।






























