एजुकेशन: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सीटीईटी (CTET) फरवरी 2026 परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बोर्ड ने बताया है कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी ओएमआर शीट (OMR Sheet) और गणना शीट (Calculation Sheet) की प्रति प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को 500 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 मई 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को अपना रोल नंबर, नाम और पूरा पता स्पष्ट रूप से भरना होगा। शुल्क का भुगतान ‘सचिव, सीबीएसई’ के पक्ष में देय बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से करना होगा। इसके बाद, आवेदन को स्पीड पोस्ट के जरिए ‘निदेशक, सीटीईटी’ के पते पर भेजना होगा या फिर सीबीएसई के द्वारका (सेक्टर-23) स्थित सीटीईटी यूनिट में जमा किया जा सकता है।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहले RTI के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को भी नए सिरे से आवेदन करना होगा। ओएमआर और गणना शीट केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से अभ्यर्थी को भेजी जाएगी और इसका उपयोग किसी भी व्यावसायिक या संस्थागत उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकेगा।
सीबीएसई ने चेतावनी दी है कि अधूरे या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही 1 मई 2026 के बाद प्राप्त आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।






























