RTE 2026-27 में निजी स्कूलों में 1176 सीटें आरक्षित

0
49

रांची: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(c) के तहत सत्र 2026-27 के लिए निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों की प्रारंभिक कक्षाओं में 25% आरक्षित सीटों पर नामांकन प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज और जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने समाज के कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया है। जिले के CBSE, ICSE एवं अन्य मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों की प्रवेश स्तर की कक्षाओं, नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और कक्षा-1 में कुल 1176 सीटें आरक्षित की गई हैं। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और कंप्यूटरीकृत रैंडमाइज्ड लॉटरी प्रणाली पर आधारित होगी तथा कोई भी आवेदन ऑफलाइन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन 16 फरवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक किए जा सकेंगे। दस्तावेज सत्यापन 16 से 25 मार्च तक होगा, जबकि चयन सूची 28 मार्च को जारी होने की संभावना है। प्रथम चरण का नामांकन 31 मार्च से 10 अप्रैल तक संपन्न होगा। अभिभावकों की सहायता के लिए DSE कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है।

पात्रता के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (वार्षिक आय ₹72,000 से कम), अभिवंचित समूह तथा 40% या अधिक दिव्यांगता वाले बच्चे शामिल हैं। आवेदन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण तथा आवश्यकतानुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र अभिभावकों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here