‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के चलते 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट और इंस्टाग्राम इंफ़्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था।
कोलकाता के गार्डनरीच थाने की पुलिस ने शर्मिष्ठा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” पर बॉलीवुड सितारों की चुप्पी को लेकर सवाल उठाते हुए एक वीडियो डाला था। लेकिन इस दौरान उन्होंने कथित रूप से एक धर्म विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर दी, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
शर्मिष्ठा के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रैक की और उन्हें गुरुग्राम से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उन्हें गुरुग्राम की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें ट्रांज़िट रिमांड पर कोलकाता लाया गया। शनिवार को उन्हें अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने या किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी पोस्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, इस गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे कानून का सही इस्तेमाल मान रहे हैं।
मामले की जांच जारी है।


































